सोशल मीडिया से प्रभावित होता मानसिक स्वास्थ्य !

सोशल मीडिया से प्रभावित होता मानसिक स्वास्थ्य !

सोशल मीडिया से प्रभावित होता मानसिक स्वास्थ्य !

सोशल मीडिया निस्संदेह हमारे जीवन का एक अभिन्न अंग बन गया है । यह न केवल आपको पुराने दोस्तों और प्रियजनों से जुड़ने में मदद करता है, बल्कि रोजगार और स्वयं के बिजनेस को विस्तार देने में भी बहुत सहयोगी है । लेकिन सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग या अपने फीड को स्क्रॉल करने में घंटों बिताना आपके मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है । ऑनलाइन अधिक समय बिताने से चिंता और अवसाद जैसी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ हो सकती हैं । जानते हैं सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य समस्याएँ एवं उनसे बचने के तरीके –

मनोदशा संबंधी विकार :- विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों का उपयोग करने का एक मुख्य दोष मनोदशा संबंधी विकारों से पीड़ित होना है । जो लोग कई घंटे ऑनलाइन बिताते हैं, वे अक्सर सोशल मीडिया की लत, चिंता, तनाव और अवसाद से पीड़ित होते हैं । विशेषज्ञों के अनुसार आमने-सामने का संपर्क आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहतर और अधिक महत्त्वपूर्ण होता है ।

आत्मविश्वास की कमी :- सोशल मीडिया पर साझा की गई अधिकांश छवियाँ संपादित की हुई होती हैं, जो आपको शायद अपनी उपस्थिति या जीवन के बारे में असुरक्षित महसूस करवा सकती हैं । कई बार लोग अपने जीवन की तुलना दूसरों से करने लगते हैं । इससे आप में अनावश्यक चिंता, असंतुष्टि, चिड़चिड़ापन आदि बढ़ने लगता है ।

बढ़ता अकेलापन :- कुछ अध्ययनों से पता चला है कि जो लोग सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताते हैं, वे कुछ समय बाद अकेलापन महसूस करने लगते हैं । इसके विपरीत सोशल मीडिया का उपयोग कम करना और परिवार, दोस्तों या कार्यस्थल पर अधिक समय बिताना आपको अधिक खुश कर सकता है ।

नींद की समस्या :- यदि कोई पहले से ही मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित है, तो सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने से स्थिति और खराब हो सकती है । इससे अवसाद, लत और अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याएँ हो सकती हैं । सोने से पहले सोशल मीडिया पर समय बिताना नींद में भी खलल डाल सकता है । नींद की कमी से मूड में बदलाव, चिंता, अवसाद, मोटापा, रक्तचाप समस्याएँ बढ़ जाती है ।

कम करें ऑनलाइन स्क्रीन टाइम

  • सोने से पहले सोशल मीडिया नोटिफिकेशन या नए संदेश अलर्ट को साइलेंट कर दें ।
  • फोन में जरूरत से अधिक सोशल मीडिया ऐप्स को हटा दें ।
  • सोशल मीडिया पर समय बिताने की बजाय अच्छी किताबें पढ़ें ।
  • दोस्तों के साथ शारीरिक गतिविधियाँ करें ।

– डॉ. मिकी मेहता (लाइफ कोच)

Leave comments

Your email is safe with us.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.