जेल में नवाचार : कैदी ले रहे विज्ञान और तकनीक का ज्ञान !

जेल में नवाचार : कैदी ले रहे विज्ञान और तकनीक का ज्ञान !

जेल में नवाचार : कैदी ले रहे विज्ञान और तकनीक का ज्ञान !

कोटा सेंट्रल जेल में कैदियों के लिए कई नवाचार हुए हैं, जिनसे उनकी जिन्दगी में परिवर्तन लाने के प्रयास किए गए हैं । फिर चाहे वह कैदियों का पेट्रोल पम्प हो या जेल के भीतर ही पढ़ाई । यहाँ कैदियों को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (ईग्नू ) के माध्यम से उच्च शिक्षा से लेकर कई सर्टिफिकेट कोर्स तक कराए जाते हैं । जेल अधीक्षक परमजीत सिद्धू ने बताया कि एक सेशन जून माह में तो दूसरा दिसम्बर में होता है । जो कैदी ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन करना चाहते हैं उन्हें बीए और एमए कराया जाता है । ये परीक्षाएँ ऑफ लाइन होती हैं । परीक्षा देने से पहले अगर कैदी की सजा पूर्ण हो जाती है, तो वह परीक्षा की तिथि को जेल में आकर परीक्षा दे सकता है ।

खाद्य एवं पोषण और मधुमक्खी पालन में ज्यादा रुचि – कैदियों में सबसे ज्यादा रुचि मधुमक्खी पालन और खाद्य एवं पोषण से जुड़े कोर्सेज में रहती है । इस साल जून में 5 तथा दिसम्बर सेशन में 91 कैदी मधुमक्खी पालन में सर्टिफिकेट कोर्स कर रहे हैं । इसके अलावा खाद्य एवं पोषण (फूड एँड न्यूट्रिशन) में जून में 96 तथा दिसम्बर में 73 कैदी अध्ययनरत हैं ।

इंदौर के केंद्रीय जेल में बंद कैदियों को भी अब जीने की नई राह मिलने लगी है, ताकि वे बाहर आने के बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त ना होते हुए रोजगार प्राप्त कर सकें । इसके लिए केंद्रीय जेल में कैदियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है । यह संभव हुआ है जेलर अलका सोनकर के प्रयासों से । यहाँ बंदी अब राखी बनाने, गणेश प्रतिमाएँ तैयार करने और मिठाई बनाने का प्रशिक्षण ले रहे हैं । इनमें महिला और पुरुष बंदी शामिल हैं, जिन्हें हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है । साथ ही, इनके द्वारा बनाई गई सामग्री को जेल के बाहर बने आउटलेट के माध्यम से बेचा भी जा रहा है । अलका सोनकर प्रदेश की पहली महिला जेल अधीक्षक हैं ।

कैदियों को जिस भी काम में रुचि है, उन्हें उसीके हिसाब से प्रशिक्षण दिया जा रहा है । जो कैदी पढ़ना चाहते हैं, उनके लिए पढ़ाई की व्यवस्था भी है । कई कैदी बीए, एमए, एलएलबी कर रहे हैं । इसके अलावा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कुकिंग, पापड़, अचार, ब्यूटिशियन, पार्लर आदि का प्रशिक्षण दिया जाता है । त्यौहारों पर राखी, दीपक, गणेश प्रतिमाएँ आदि बनाना सिखाते हैं ।

जेल में स्टील बर्तन का कारखाना भी है । मध्य प्रदेश की सभी जेलों के लिए थाली, कटोरी, गिलास आदि बर्तन यहीं पर बनाए जाते हैं । वर्तमान में यहाँ 2400 कैदी हैं । सोनकर कहती हैं, प्रशिक्षण देने के पीछे हमारा उद्देश्य है कि कैदी जेल से छूटने के बाद दोबारा अपराध करने के बजाय एक अच्छे नागरिक की तरह अपना जीवन जी सकें और अच्छी आमदनी प्राप्त कर सके !

गणेशजी की मूर्तियाँ बनाई तो हुई कमाई

जेल अधीक्षक सोनकर ने बताया कि जेल में गणेश उत्सव के लिए इको फ्रेंडली गणेश मूर्तियाँ बनाई गई थीं । गणेशजी की मूर्तियाँ बनाने के लिए मिट्टी का ही प्रयोग किया गया था । इसमें किसी भी सिंथेटिक रंग या रसायन का उपयोग नहीं किया गया । इसके साथ ही 50 से अधिक प्रतिमाओं में हमने विभिन्न प्रजातियों के बीज भी डाले थे । बंदियों ने इस मिट्टी से गणेशजी बनाए, जिन्हें जेल के आउटलेट पर रखा गया । महिला कैदियों में राखी निर्माण को लेकर उत्साह देखने को मिला । इससे उनकी आमदनी भी हुई । यह पैसा उन्हीं के खाते में रहेगा, जिससे जेल से बाहर जाने के बाद उन्हें जीवन व्यतीत करने में आसानी होगी ।

घृणा अपराधी से नहीं, अपराध से करें

सोनकर बताती हैं कि इन नवाचारों के पीछे हमारी मूल भावना है कि ‘घृणा अपराध से की जाए, अपराधी से नहीं ।’ हमारा उद्देश्य रहता है कि जेल से छूटने के बाद कैदी समाज के लिए सिरदर्द न बनें, बल्कि वे अपराध की दुनिया को छोड़कर समाज के साथ मिल-जुलकर रहें और रोजगार कर सम्मान से जीवनयापन करें । ऐसा करने के लिए जरूरी है कि उन्हें कोई न कोई हुनर आए । यदि हुनर नहीं आएगा, तो वे पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए फिर अपराध में उतर जाएँगे । सोनकर कहती हैं – ‘मुझे जेल अधीक्षक के रूप में काम करते हुए 18 वर्ष हो गए हैं । मैंने स्वयं ही जेल अधीक्षक बनना चुना था । यहाँ पहली बार में आनेवाले कैदियों पर हम ज्यादा ध्यान देते हैं कि वह दोबारा अपराध ना करे ।’

Leave comments

Your email is safe with us.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.